Nahan : विधायक ने जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना
Nahan : वैशाखी पर्व के शुभ अवसर पर आज महर्षि मार्कण्डेश्वर महादेव डिमकी मंदिर में पारंपरिक पालकी यात्रा का भव्य आयोजन सम्पन्न हुआ। यह यात्रा बोहलियाँ मंदिर से आरंभ होकर डिमकी महादेव मंदिर तक निकाली गई।

पालकी यात्रा में विधायक अजय सोलंकी ने बतौर मुख्यातिथि भाग लिया। इस अवसर पर भारी संख्या में शिवभक्तों ने अपनी उपस्थिति दर्ज की और “हर हर महादेव” के जयकारों ने सम्पूर्ण वातावरण को शिवमय बना दिया। लोक सांस्कृतिक धुनों और भजन-कीर्तन के साथ यह यात्रा जन-जन की आस्था का प्रतीक बनी।

इस धार्मिक आयोजन के दौरान विधायक अजय सोलंकी ने उपस्थित जनता से संवाद किया और विभिन्न जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना। मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित कार्यवाही हेतु निर्देश दिए गए, जिनमें से कई समस्याओं का समाधान तत्काल किया गया।

विधायक सोलंकी ने कहा कि ऐसे धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों से न केवल सामाजिक समरसता बढ़ती है, बल्कि जनप्रतिनिधियों को भी जनता के बीच जाकर सीधे संवाद स्थापित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने आयोजन समिति का आभार प्रकट करते हुए इस सुंदर आयोजन के लिए बधाई दी तथा समस्त क्षेत्रवासियों को वैशाखी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
विधायक ने कहा कि भगवान भोलेनाथ सभी पर कृपा बनाए रखें और सभी को सुख, समृद्धि तथा उत्तम स्वास्थ्य प्रदान करें।