टिकट पक्का होने की बात नहीं कह सकते हैं, पार्टी ही दायित्व देती है, भाजपा संगठन के आदेशानुसार सब होता है: पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल
ऊना: राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के टिकट वाले बयान पर चुटकी लेते हुए पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि उन्होंने पुरानी बातें दोहराई हैं। यह सब पहले से चला आ रहा है। टिकट किसका पक्का होता है? आज कोई सीएम, मंत्री, विधायक, पूर्व विधायक तक टिकट पक्का होने की बात नहीं कह सकते हैं। उन्होंने अपना और छठे वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सत्ती का नाम लेते हुए कहा कि वे टिकट पक्का होने की बात नहीं कह सकते हैं। पार्टी ही दायित्व देती है। भाजपा संगठन के आदेशानुसार ही सब होता है।
हिमाचल में आम आदमी पार्टी की एंट्री पर उन्होंने कहा कि तीसरा विकल्प कभी प्रदेश में सफल नहीं हुआ है। वीर सैनिकों की शहादत की अनदेखी करने वालों को हिमाचल क्यों वोट देगा। शहादत पर शक करने वाले किस मुंह से वोट मांग रहे हैं। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के नकल वाले बयान पर उन्होंने कहा कि इसका जवाब सीएम दें। फ्री ट्रेंड पर उन्होंने कहा कि सरकार के पास यदि पैसा है तो दें। सरकार संसाधन समेत हर चीज को देखते हुए सोच समझकर ही फैसला लेती है। पैसा नहीं है तो कर्ज लेना पड़ेगा। मिशन रिपीट पर कहा कि राजनीति में चुनाव लड़ाई है। इसमें भाजपा रणनीति के साथ उतरती है।
धूमल ने ऊना के रेस्ट हाउस में पुराने कार्यकर्ताओं के साथ ऊना जिला की पुरानी यादों का ताजा किया। पुराने किस्सों पर खूब ठहाके लगे। धूमल भी पुराने किस्से सुनाए बगैर नहीं रह पाए। सतपाल सत्ती ने भी राजनीतिक किस्से कार्यकर्ताओं के साथ साझा किए। इस दौरान काफी संख्या में कार्यकर्ता धूमल से मिलने पहुंचे। बंद कमरे में हुई बातचीत में इन्होंने पूर्व सीएम से राजनीति तौर पर हुई उपेक्षा का दर्द बयां किया। कुछ कार्यकर्ताओं ने पार्टी में अब सम्मान न मिलने पर रोष जताया।