डेस्क: एशियाई खेलों के मौजूदा संस्करण में अब भारत के सिर्फ निशानेबाजी में ही 18 पदक हो गए। छठे दिन ईशा सिंह, पलक और ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने दो-दो पदक जीते। छठे दिन शुक्रवार को भारतीय निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। महिला और पुरुष खिलाड़ियों ने मिलकर पांच पदक भारत के खाते में जोड़े। दो बड़े रिकॉर्ड को भी ध्वस्त कर दिया।
महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में पलक ने स्वर्ण पदक पर कब्जा कर लिया। वहीं, ईशा सिंह ने रजत पदक पर कब्जा किया। पलक ने 242.1 और ईशान ने 239.7 का स्कोर किया। पलक ने एशियाई खेलों का रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने सबसे बड़ा स्कोर किया। वहीं, किश्माला ने 218.2 का स्कोर किया। ईशा का यह प्रतियोगिता में चौथा पदक है।
शूटिंग में ऐश्वर्य प्रताप सिंह, स्वप्निल और अखिल की तिकड़ी ने कमाल कर दिया। तीनों ने मिलकर 50 मीटर राइफल 3 पॉजिशन पुरुष टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता। तीनों ने मिलकर 1769 का स्कोर किया। ऐश्वर्थ, स्वप्निल और अखिल ने विश्व रिकॉर्ड भी बनाया।
ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने टीम इवेंट में जीत हासिल करने के बाद 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन पुरुष फाइनल में रजत पदक जीता। ऐश्वर्य ने 459.7 अंक हासिल किए। भारत के स्वप्निल सुरेश काफी देर तक पहले स्थान पर रहे, लेकिन आखिरी पलों में वह पिछड़ गए। उन्हें चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा। स्वप्निल ने 438.9 अंक प्राप्त किए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने निशानेबाजों को पदक जीतने पर बधाई दी है। प्रधानमंत्री ने एक्स पर लिखा, “एशियाई खेलों में शूटिंग में एक और पदक! 10 मीटर एयर पिस्टल महिला टीम स्पर्धा में रजत पदक जीतने पर दिव्या थडिगोल, ईशा सिंह और पलक को बधाई। उनके भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें शुभकामनाएं। उनकी सफलता कई उभरते खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी।”