HomeOnline Quizस्वास्थ्यशिक्षा/नौकरीराजनीतिसंपादकीयबायोग्राफीखेल-कूदमनोरंजनराशिफल/ज्योतिषआर्थिकसाहित्यदेश/विदेश

मनाली-लेह मार्ग पर पागल नाले में आई बाढ़, बारालाचा दर्रे में बर्फबारी

By Sandhya Kashyap

Published on:

Summary

केलांग : एक सप्ताह से जारी बारिश और बर्फबारी अब आफत बन गई है। मनाली-लेह मार्ग पर सफर करने वालों की दिक्कतें बढ़ गई हैं, वहीं पागल नाले में बाढ़ आने से मनाली-लेह मार्ग बंद है। हालांकि इस जगह नर्सरी से बाईपास होने के कारण आपात स्थिति में वाहन चल रहे ...

विस्तार से पढ़ें:

केलांग : एक सप्ताह से जारी बारिश और बर्फबारी अब आफत बन गई है। मनाली-लेह मार्ग पर सफर करने वालों की दिक्कतें बढ़ गई हैं, वहीं पागल नाले में बाढ़ आने से मनाली-लेह मार्ग बंद है। हालांकि इस जगह नर्सरी से बाईपास होने के कारण आपात स्थिति में वाहन चल रहे हैं लेकिन बारालाचा दर्रे में हो रही बर्फबारी ने लेह मार्ग पर वाहनों के पहिए जाम कर दिए हैं। मनाली-लेह मार्ग शनिवार दोपहर से बंद है। लेह जाने वाले अधिकतर वाहन अटल टनल के साऊथ पोर्टल में ही रुक गए हैं, जबकि कुछ वाहन दारचा में रुके हुए हैं। लेह से आने वाले अधिकतर वाहनों को उपसी में रोका गया है जबकि कुछेक वाहन सरचू में भी रुके हुए हैं।

मनाली से केलांग के बीच जगह-जगह पत्थर गिर रहे हैं। हालांकि वाहनों की आवाजाही कम रही, लेकिन कुछ लोगों ने जान जोखिम में डाल सफर किया। दूसरी ओर ग्रांफू-सुमदो मार्ग के ग्रांफू-लोसर के बीच सफर जानलेवा हो गया है। इस मार्ग पर रविवार को जगह-जगह पत्थर गिरे। 

तांदी-संसारी मार्ग अभी भी जंगल बेरी के पास भूस्खलन से बंद है। तांदी से उदयपुर तक मार्ग बहाली जारी है लेकिन इस मार्ग पर भी पहाड़ी से पत्थर गिर रहे हैं। केलांग से आ रहे मनीषा व सोमदेव ने बताया कि तांदी पुल से अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल तक पत्थर गिर रहे हैं। उन्होंने बताया कि पागल नाले में बाढ़ आने से मार्ग बंद है। 

डीसी लाहौल-स्पीति सुमित खिमटा ने कहा कि लगातार हो रही बारिश व बर्फबारी से नालों में बाढ़ आ रही है। जगह-जगह भूस्खलन हो रहे हैं और दर्रों में बर्फबारी से मार्ग बंद हो रहे हैं। उन्होंने स्थानीय वाहन चालकों व पर्यटकों से आग्रह किया कि मौसम साफ होने तक मनाली-लेह सहित तांदी-संसारी, दारचा पद्दुम व ग्रांफू-काजा मार्ग पर सफर न करें। बीआरओ कमांडर कर्नल शबरिश वाचली ने कहा कि सड़कों की बहाली जारी है। लोग हालात के हिसाब से ही सफर पर निकलें।