देहरादूनः खेल मंत्री रेखा आर्य ने कहा कि अब हिमालय पुत्र रत्न अवार्ड से भी खिलाड़ियों को सम्मानित करने की योजना बनाई जा रही है। इसके तहत छह खिलाड़ियों को एक-एक लाख रुपये की धनराशि से सम्मानित किया जाएगा।
प्रदेश में राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री खिलाड़ी उदीयमान प्रोत्साहन योजना शुरू होने जा रही है। इसके तहत 14 से 23 वर्ष तक के खिलाड़ियों को प्रतिमाह दो हजार रुपये खेल छात्रवृत्ति प्रोत्साहन राशि के रूप में दी जाएगी। इस योजना के तहत हर जिले से सौ-सौ बालक-बालिकाओं का चयन किया जाएगा। इसके तहत प्रदेशभर में कुल 2600 खिलाड़ी चयनित होंगे।
इसके अलावा राज्य में खिलाड़ियों के लिए हिमालय पुत्र रत्न अवार्ड शुरू किया जाएगा। इसके तहत हर साल छह खिलाड़ियों को एक लाख रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।
बुधवार को यमुना कॉलोनी स्थित शासकीय आवास पर राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त की तैयारियों को लेकर खेल विभाग के विभागीय अधिकारियों के साथ खेल मंत्री रेखा आर्य ने समीक्षा बैठक की। उन्होंने बताया कि इस दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी योजना का शुभारंभ करेंगे। इस राशि के जरिए खिलाड़ी अपने खेल संसाधनों की पूर्ति कर सकेंगे।