हिमाचल भाजपा के मौजूदा 10 से 15 प्रतिशत विधायकों को चुनाव में टिकट नहीं मिलेगा, ऐसा संभव: जेपी नड्डा
हिमाचल: भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को कहा कि पार्टी हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को पद से नहीं हटाएगी और आगामी राज्य विधानसभा चुनाव उनके नेतृत्व में लड़ेगी। उधर आम आदमी पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया ने दावा किया कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में जयराम ठाकुर की जगह लेंगे। सिसोदिया के इस दावे के बारे में पूछे जाने पर नड्डा ने यह बयान दिया।
नड्डा ने संवाददाताओं से कहा कि जयराम ठाकुर काम कर रहे हैं और वह भविष्य में इसे जारी रखेंगे। उन्हें बदला नहीं जाएगा और भाजपा उनके नेतृत्व में विधानसभा चुनाव लड़ेगी। राज्य के किसी भी मंत्री को नहीं बदला जाएगा। हालांकि, भाजपा के मौजूदा 10 से 15 प्रतिशत विधायकों को चुनाव में टिकट नहीं मिल सकता है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा के 10 से 15 फीसदी विधायकों को टिकट नहीं मिला और यहां भी ऐसा होने की संभावना है। भाजपा पंजाब में मुख्य राजनीतिक दलों मेंसे एक के रूप में उभरेगी। भाजपा पंजाब में पहले 117 विधानसभा सीट मेंसे केवल 23 सीट पर गठबंधन सहयोगी के रूप में चुनाव लड़ती थी, लेकिन हाल में वहां हुए चुनाव में उसने गठबंधन के वरिष्ठ सहयोगी के रूप में 68 सीट पर चुनाव लड़ा था। इसलिए, भाजपा अगले चुनाव में पंजाब में एक प्रमुख वैचारिक विकल्प के रूप में उभरेगी।