प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्र सरकार कार्यकाल के आठ साल पूरा होने पर शिमला के रिज मैदान पर आयोजित राष्ट्रस्तरीय गरीब कल्याण सम्मेलन में देशवासियों को संबोधित किया।
हिमाचल डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि पहले भ्रष्टाचार सरकार का हिस्सा होता था। देश के लोग वर्ष 2014 से पहले का वक्त न भूलें। पहले की तरह अब माई बाप नहीं है सरकार, अब सेवक है। पहले भ्रष्टाचार को सिस्टम का जरूरी हिस्सा मान लिया गया था। योजनाओं का पैसा जरूरतमंद तक पहुंचने से पहले ही लुट जाता था। 100 में से 85 पैसे पहले गरीबों तक नहीं पहुंचते थे। आज डीबीटी से पैसा सीधा उनके खाते में जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को केंद्र में उनकी सरकार के कार्यकाल के आठ साल पूरा होने पर शिमला के रिज मैदान पर आयोजित राष्ट्रस्तरीय गरीब कल्याण सम्मेलन में देशवासियों को संबोधित किया।
मोदी ने कहा, दशकों तक वोट बैंक की राजनीति होती रही। अब वोट बैंक नहीं, नए भारत को बनाने के लिए काम हो रहा है। मैं देवभूमि से संकल्प दोहराता हूं कि हर भारतवासी के सम्मान, सुरक्षा, समृद्धि और कल्याण के लिए काम करता रहूंगा। उन्होंने कहा कि आज देश की सीमाएं पहले से ज्यादा सुरक्षित हैं। भारत दुनिया से आंख झुकाकर नहीं, आंख मिलाकर बात करता है। आज भारत किसी भी देश के साथ मजबूरी में दोस्ती के लिए नहीं, बल्कि उन्हें मदद देने के लिए हाथ आगे बढ़ाता है। कोरोना काल में भी भारत ने 150 से ज्यादा देशों को दवाइयां और वैक्सीन भेजी हैं। उन्होंने वैक्सीनेशन में अग्रणी रहने पर सीएम जयराम ठाकुर की पीठ भी थपथपाई है।