पंचायती राज विभाग को कई बार परिणाम संबंधित रिकॉर्ड लेने का आग्रह किया गया है, अभी तक विभाग ने रिकॉर्ड नहीं लिया है
शिमला: पंचायती राज विभाग में पंचायत सचिव के 239 पदों की भर्ती प्रक्रिया रुक गई है। इससे हजारों युवा परेशान हैं। 22 अक्तूबर 2021 को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने भर्ती परीक्षा करवाई। पांच अप्रैल 2022 को भर्ती का परिणाम भी घोषित कर दिया गया। इसके बाद भर्ती आगे नहीं बढ़ रही है। भर्ती की मेरिट एचपीयू बनाएगा या पंचायती राज विभाग, यही तय नहीं हो पाया है। परीक्षा में अपीयर हुए करीब 26,000 अभ्यर्थी मेरिट से संबंधित पूछताछ कर रहे हैं।उन्हें कहीं से संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा है।
विवि के अधिकारियों ने साफ किया था कि विवि इस भर्ती की परीक्षा करवाएगा और परिणाम घोषित कर विभाग को सौंप देगा। इसके बाद विभाग इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा। स्वयं पूरी करेगा। परिणाम घोषित करते समय विवि के कुलसचिव ने मेरिट जारी करने को लेकर पूछे सवाल में यही बयान दिया था। परिणाम घोषित करने के बाद विवि पंचायती राज विभाग को रिकॉर्ड देने के लिए तैयार है, लेकिन विभाग ने अभी तक रिकॉर्ड नहीं लिया है।