पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम लोगों से मुलाकात कर उनके विचार जानेंगी
शिमला: कांग्रेस की नवनियुक्त अध्यक्ष और सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि विधानसभा चुनाव में टिकट आवंटन से पहले हाईकमान सर्वे कराएगा। सर्वे में जिताऊ उम्मीदवारों को ही टिकट दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जिन सीटों में तीन से अधिक बार विधानसभा चुनाव हारी है, उन सभी सीटों को जीतने के लिए पूरी ताकत झोंकी जाएगी। प्रतिभा ने हिमाचल कांग्रेस के मुख्यालय राजीव भवन में अमर उजाला से बातचीत में कहा कि वह अखिल भारतीय कांग्रेस के राजस्थान के उदयपुर में होने वाले चिंतन शिविर से लौटने के बाद सिरमौर जिले का दौरा करेंगी।
पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम लोगों से मुलाकात कर उनके विचार जानेंगी। इसके बाद प्रदेश के अन्य जिलों का दौरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दौरों के दौरान जो भी कमियां सामने आएंगी, उन्हें दूर कर मजबूती के साथ विधानसभा चुनाव लड़ा जाएगा। प्रतिभा ने कहा कि पार्टी के सभी विधायकों, वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, पूर्व मंत्रियों और पूर्व विधायकों को एकजुट होने के निर्देश दिए हैं। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकेंगी। उन्होंने कहा कि आम लोगों को राहत देने के लिए कांग्रेस का सत्ता में आना जरूरी है।