HomeOnline Quizस्वास्थ्यशिक्षा/नौकरीराजनीतिसंपादकीयबायोग्राफीखेल-कूदमनोरंजनराशिफल/ज्योतिषआर्थिकसाहित्यदेश/विदेश

डलहौजी में पंजाब से घूमने आये पर्यटक की अंगीठी की गैस से दम घुटने से मौत, दूसरा मिला अचेत

By Sandhya Kashyap

Published on:

Summary

चंबा : पर्यटन नगरी डलहौजी घूमने आए पंजाब के 3 पर्यटकों में से एक की कमरे में दम घुटने से मौत हो गई। जबकि एक अचेत हो गया। अधिक ठंड के चलते पर्यटकों ने अंगीठी को अपने कमरे में रखा था। जिसके कारण कोयले से कमरे के अंदर कार्बन मोनोऑक्साइड ...

विस्तार से पढ़ें:

चंबा : पर्यटन नगरी डलहौजी घूमने आए पंजाब के 3 पर्यटकों में से एक की कमरे में दम घुटने से मौत हो गई। जबकि एक अचेत हो गया। अधिक ठंड के चलते पर्यटकों ने अंगीठी को अपने कमरे में रखा था। जिसके कारण कोयले से कमरे के अंदर कार्बन मोनोऑक्साइड गैस बन गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।

जबकि दूसरे पर्यटक का डलहौजी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। पुलिस थाना डलहौजी में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार डलहौजी में पंजाब के जालंधर शहर से 3 पर्यटक आए। डलहौजी के एक होटल में उन्होंने रात गुजारने के लिए कमरा लिया। एक कमरे में दो लोग सोए। जबकि तीसरा दूसरे कमरे में सो गया। रात को अधिक ठंड होने की वजह से राहत पाने के लिए कोयले की अंगीठी को दो पर्यटकों ने अपने कमरे के भीतर रख लिया।

सुबह जब चेकआउट समय तक पर्यटक बाहर नहीं आए तो होटल कर्मियों ने कमरा खुलवाने का प्रयास किया। इस दौरान कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर होटल प्रबंधन ने दूसरी चाबी से कमरा खोला। इस दौरान दोनों पर्यटक अचेत अवस्था में पड़े हुए थे। दोनों पर्यटकों को सिविल अस्पताल डलहौजी पहुंचाया गया, जहां हरमिंद्र पाल सिंह निवासी अजीत नगर जालंधर पंजाब को मृत घोषित किया गया। जबकि अचेत अवस्था में सरबजीत सिंह को उपचार के लिए भर्ती किया गया। डलहौजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।