शिमला : भाजपा सह मीडिया प्रभारी कर्ण नंदा ने बताया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप द्वारा जारी आदेश अनुसार भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य टेकचंद चंदेल नालागढ़ , अनु ठाकुर आनी, बालक राम ठाकुर बंजार तथा महेंद्र ठाकुर आनी को विधानसभा चुनाव 2022 में पार्टी विरोधी गतिविधियों में सम्मिलित पाए जाने पर पार्टी से 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक अनुशासित राजनीतिक दल है तथा किसी भी स्तर पर अनुशासनहीनता को स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी के कई बड़े नेताओं को पार्टी विरोधी गतिविधियों और पार्टी प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ने के आरोपी में पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित किया जाता है।
चुनाव में पार्टी को मिली हार के बाद पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने स्पष्ट कर दिया था कि पार्टी जल्द हार के कारणों की समीक्षा करके पार्टी को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेगी। इसी कड़ी में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त पाए गए 4 कार्यसमिति सदस्य को 6 साल के लिए पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पार्टी की यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।