ट्रस्ट के फाउंडर प्रेसिडेंट और सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. सतीश गर्ग ने किया सम्मान ग्रहण
चंडीगढ़ : दैनिक जागरण द्वारा आयोजित हेल्थ केयर अवार्ड 2025 समारोह में पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डा. बलवीर सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान देने वाली संस्थाओं को सम्मानित किया।

इस अवसर पर कुरारी, मोहाली में संचालित नि:शुल्क मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल श्री सत्य साईं मानव सेवा ट्रस्ट को स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
सम्मान श्री सत्य साईं मानव सेवा ट्रस्ट के फाउंडर प्रेसिडेंट और प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. सतीश गर्ग ने ग्रहण किया।
श्री सत्य साईं मानव सेवा ट्रस्ट वर्षों से गरीब और जरूरतमंद मरीजों को उच्च गुणवत्ता वाली नि:शुल्क चिकित्सा सेवाएं प्रदान कर रहा है। ट्रस्ट का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुँचाना और ‘सेवा ही धर्म है’ के सिद्धांत को आत्मसात करना है।
सम्मान ग्रहण करते हुए डॉ. सतीश गर्ग ने कहा, “यह सम्मान न केवल हमारे ट्रस्ट की सेवाओं का मूल्यांकन है, बल्कि उन सभी डॉक्टरों, स्टाफ और स्वयंसेवकों की निःस्वार्थ मेहनत का परिणाम है, जो हर दिन मानव सेवा के इस मिशन को जीते हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि ट्रस्ट भविष्य में भी अपने सेवा कार्यों का विस्तार करते हुए समाज के हर वर्ग तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत रहेगा।